अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत डीग स्टेशन का हुआ कायाकल्प

Press Release उत्तर प्रदेश

15.24 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य पूर्ण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

 

मंडल रेल प्रबंधक आगरा  गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल के मथुरा–अलवर रेल खंड स्थित डीग रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक पुनर्विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 15.24 करोड़ रुपये की लागत से किए गए इस विकास कार्य के पश्चात स्टेशन को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं सुविधासंपन्न स्वरूप प्रदान किया गया है।

डीग स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण पारगमन केंद्र है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इस स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है तथा मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। प्लेटफॉर्मों पर नए शेड लगाए गए हैं तथा आधुनिक बैठने की व्यवस्था एवं उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य किया गया है। यात्रियों की सुविधा हेतु आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल सूचना बोर्ड एवं उन्नत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं।

स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है तथा पार्किंग क्षेत्र को सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

दिव्यांगजनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन को पूर्ण रूप से दिव्यांगजन फ्रेंडली बनाया गया है। इसके अंतर्गत टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ, व्हील चेयर एवं समर्पित पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं।स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज स्थापित किया गया है।

जन संपर्क अधिकारी श्री संजय कुमार गौतम ने बताया की डीग स्टेशन को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं सुविधासंपन्न स्वरूप प्रदान किया गया है। इस पुनर्विकास से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक होगा, साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *