
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन में एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा एस रामकृष्णन के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुरक्षित, समयबद्ध एवं निर्बाध रेल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा रेल मंडल द्वारा “ऑपरेशन समय पालन” के अंतर्गत अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अप्रैल -2026 से अक्टूबर- 2026 तक कुल 1911 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई की गई, साथ ही रु.2,09,100/- का जुर्माना वसूला गया। इसी प्रकार माह अक्टूबर -2026 में बिना उचित कारण अलार्म चैन खीचने वालो के विरुद्ध 187 लोगो पर कार्यवाही करके 8490रु. का जुर्माना वसूला गया | जिसमे आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर 44, आगरा किला स्टेशन पर 07, मथुरा जंक्शन पर 104, अछनेरा स्टेशन पर 09 व कोसिकलाँ स्टेशन पर 11 लोंगो पर कार्यवाही कर जुर्माना वसूला गया |
आगरा मण्डल के वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बिना उचित कारण के अलार्म चेन खीचने वालों के विरुद्ध निरंतर सघन चेकिंग अभियान चलाये जा रहे है| अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था प्रभावित होती है, यात्रियों को असुविधा होती है तथा रेलवे परिचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बिना किसी वैध एवं आपात कारण के अलार्म चेन पुलिंग करना रेलवे अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाता है।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। अनावश्यक चेन पुलिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित होती है और ट्रेनों की समयबद्धता पर भी असर पड़ता है।


