—- सहायक नगरआयुक्त ने दी स्मार्ट सिटी और नगर निगम की कार्यप्रणाली की जानकारी
आगरा। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के तीन दिवसीय आगरा भ्रमण कार्यक्रम के तहत बुधवार को स्मार्ट सिटी सभागार में विशेष प्रस्तुतीकरण आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों को आगरा स्मार्ट सिटी और नगर निगम की कार्यप्रणाली, विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर संचालित की जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सौरभ अग्रवाल,चीफ डाटा ऑफिसर ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड किस प्रकार नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शहरी विकास, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, जनसुविधाओं के विस्तार और तकनीक आधारित सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। उन्होंने स्मार्ट सिटी की प्रमुख परियोजनाओं, एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडे तथा अशोक प्रिय गौतम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था, शहरी सेवाओं के संचालन तथा नागरिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
एलबीएसएनएए के प्रशिक्षु अधिकारियों का आगरा भ्रमण 20 से 22 जुलाई तक निर्धारित था। भ्रमण के दौरान उन्होंने आगरा स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं के साथ-साथ ताजमहल, आगरा किला, मार्बल शोरूम एवं अन्य ऐतिहासिक धरोहरों का भी अवलोकन किया।


