आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में आगरा नगर निगम एवं म्यूज फाउंडेशन द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लोहामंडी जोन के वार्ड संख्या-69 (सेक्टर-01) स्थित मिनर्वा पब्लिक स्कूल में विशेष स्कूल ट्रिगरिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान म्यूज फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखे।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। टीम ने समझाया कि एकल उपयोग वाली प्लास्टिक और पॉलिथीन पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा हैं। बच्चों से कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने “क्लीन आगरा, ग्रीन आगरा” के संकल्प के साथ शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में नंबर-1 बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का वादा किया।
इस अभियान में लोहामंडी जोन के जोनल स्वच्छता अधिकारी मनोज पाल, जोनल इंस्पेक्टर बविता के निर्देशन में म्यूज फाउंडेशन की फील्ड टीम के सदस्य सतेन्द्र, हरिओम, निशा, शुभम, नितेश और पूनम ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता का संदेश देकर उन्हें स्वच्छ आगरा अभियान का सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।


