आकाशवाणी, आगरा (क्लस्टर कार्यालय)
दिनांक: 17 सितंबर, 2026
क्लस्टर कार्यालय आकाशवाणी, आगरा में आज स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया। यह शपथ समारोह क्लस्टर प्रमुख एवं उप महानिदेशक निलेश खंडेलवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री खंडेलवाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें स्वच्छ एवं विकसित राष्ट्र की कल्पना निहित थी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रतिवर्ष 100 घंटे अर्थात प्रति सप्ताह 2 घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने का आह्वान किया।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे न स्वयं गंदगी करेंगे, न किसी और को करने देंगे और अपने परिवार, मुहल्ले, गाँव एवं कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करेंगे तथा गांव-गांव, गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार-प्रसार करेंगे। कार्यक्रम में सभी ने यह भी संकल्प लिया कि वे इस शपथ को अन्य 100 व्यक्तियों से भी करवाएंगे।
इस दौरान भगवान श्री विश्वकर्मा जी की जयंती पर सभी को शुभकामनाएं दी गई।।


