दुकानदारों से निगम कर्मियों की तीखी बहस, सरकारी काम में बाधा डालने पर मुकदमे की चेतावनी पर हमें शांत
आगरा। छीपीटोला रकाबगंज क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर कबाड़ का सामान फैलाकर अवैध रूप से कारोबार कर रहे आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया । सोमवार को प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर सभी कारोबारियों को नोटिस जारी करते हुए तत्काल फुटपाथ खाली करने के निर्देश दिए। निगम ने साफ चेतावनी दी है कि नोटिस के बाद भी सामान नहीं हटाया गया तो अभियान चलाकर पूरा माल जब्त कर लिया जाएगा।
अभियान के दौरान अतिक्रमण कर रहे कई दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना भी लगाया गया। इस दौरान नगर निगम कर्मियों और कुछ दुकानदारों के बीच तीखी बहस हो गई। विरोध कर रहे दुकानदारों में से एक ने खुद को सत्ताधारी दल का पदाधिकारी बताते हुए निगम टीम पर रौब जमाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख प्रवर्तन दल ने उसे सरकारी कार्य में बाधा डालने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी। कानूनी कार्रवाई की बात सुनते ही वह बैकफुट पर आ गया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में सड़क और फुटपाथ पर किए जा रहे अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आमजन की सुविधा और यातायात सुगमता के लिए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


