जनगणना की तैयारियों में जुटा नगर निगम, एनुमरेटर और सुपरवाइजरों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
आगरा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को व्यवस्थित, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए आगरा नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जनगणना के दूसरे चरण की कार्ययोजना, एनुमरेटर एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण, समय-सारिणी और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।
बैठक में उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, आईटी अधिकारी, सभी चार्ज अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और तकनीकी सहायक मौजूद रहे। इस दौरान जनगणना के प्रथम चरण में सामने आई कमियों और समस्याओं पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को इनका निराकरण करने और दूसरे चरण से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
—- प्रशिक्षण और तैयारियों पर रहेगा विशेष जोर
अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना से जुड़ी तैयारियां तय समय-सारिणी के अनुसार पूरी कराएं। एनुमरेटर और सुपरवाइजरों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उन्हें अपने दायित्वों और कार्यप्रणाली की स्पष्ट जानकारी हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के साथ ही आवश्यक संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों, चार्ज अधिकारियों, चार्ज सहायकों तथा राजस्व निरीक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
—16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना
भारत सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम प्रशासन प्रशिक्षण और मैदानी तैयारियों को समय से पूरा करने में जुटा है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने चार्ज में तैयारियों की नियमित निगरानी करें और किसी भी स्तर पर सामने आने वाली समस्या का समय रहते समाधान कराएं। नगर निगम का जोर है कि प्रशिक्षण से लेकर जनगणना कार्य के संचालन तक सभी प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी हों, जिससे आंकड़ों के संकलन में त्रुटियों की आशंका कम हो और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।


