सफाई मित्रों के सहयोग से बढ़ रहा ताजनगरी का गौरव

Press Release उत्तर प्रदेश

—– महापौर और नगर आयुक्त ने हर वार्ड के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी किये सम्मानित
—- कर्मचारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान योजनाओं का लाभ उठाएं कर्मचारी

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी जोन कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर सफाई मित्रों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें सफाई किट प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले हर वार्ड के पांच सफाई मित्रों को प्रमाण पत्र एवं पटुका पहना कर सम्मानित किया गया । हरीपर्वत जोन की ओर से नगर निगम सदन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कर्मचारियों को उपहार के साथ ही साथ ई एस आई कार्ड भी प्रदान किए गए।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि के साथ ही उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इलाज के लिए सहायता, राशन कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और कैशलेस स्वास्थ्य योजना समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम स्तर पर कैंप लगाए जा रहे हैं। जिन कर्मचारियों को अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, वे इन कैंपों में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं और पात्र योजनाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों के सहयोग से आगरा की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है। कर्मचारियों की मेहनत से शहर का गौरव बढ़ रहा है और स्वच्छता के क्षेत्र में आगरा को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा आदि सहित वरिष्ठ पार्षद शरद चौहान, प्रदीप अग्रवाल, अमित सिंह पटेल, विक्रांत कुशवाहा समेत नगर निगम के अधिकारी, पार्षद और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *