
सुबह शाम दो पालियों में होगी सफाई, भीमनगरी आयोजन स्थल जीजीआईसी मैदान पर तैनात रहेंगे पचास कर्मचारी
आगरा। अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को शहर में निकलने वाली भव्य अंबेडकर शोभायात्रा को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शोभायात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि अनुयायियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम द्वारा शोभायात्रा मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए करीब 200 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। ये सफाईकर्मी सुबह और शाम की दो पालियों में काम करते हुए पूरे मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन तीन दिनों तक चलेगा, जिसके लिए नगर निगम ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। उन्होंने बताया कि 500 से अधिक कर्मचारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें दो जेड एस ओ और 23 एसएफआई भी शामिल हैं।
वहीं, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने आयोजन की तैयारियों को लेकर कार्यकारिणी हाल में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रह जाए। विशेष रूप से उद्यान, निर्माण, जलकल और प्रकाश विभाग को मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
शोभायात्रा नाला काजी पाड़ा स्थित अंबेडकर भवन से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए औलिया रोड पर जाकर समाप्त होगी। मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और पेयजल जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। जयंती को लेकर अंबेडकर वाटिकाओं और प्रतिमाओं की सफाई, रंगाई-पुताई का कार्य आज भी लगभग पूरा कर लिया गया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस बार शोभायात्रा को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बाबा साहेब के प्रति श्रद्धा और सम्मान का संदेश पूरे शहर में प्रभावी ढंग से पहुंच सके।


