बच्चों से लेकर रेल यात्रियों तक पहुंच रहा देशभक्ति का संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति का संदेश, स्कूलों में पेंटिंग एवं स्टेशनों पर जागरूकता अभियान

आगरा । मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत दिनांक 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न जागरूकता एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन, रेल यात्रियों एवं विशेष रूप से बच्चों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को और प्रबल करना है।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध, स्लोगन एवं अन्य देशभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मथुरा तथा केंद्रीय विद्यालय, ईदगाह में विद्यार्थियों द्वारा तिरंगे एवं देशभक्ति की भावना से प्रेरित आकर्षक पेंटिंग एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के बलिदान से अवगत कराया जा रहा है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा तिरंगे के साथ प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना है। पिछले कुछ वर्षों में यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति एवं गौरव से जुड़ा एक सफल जनभागीदारी आंदोलन बन गया है।
स्वतंत्रता आंदोलन में तिरंगे की आन, बान और शान के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से उन महान सेनानियों को नमन करते हुए नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
आगरा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर, ऑडियों सॉन्ग,डिजिटल स्क्रीन, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही सेल्फी बूथ लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से रेल यात्रियों एवं आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। आगरा मंडल द्वारा विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *