
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल की अध्यक्षता में आज मंडल कार्यालय स्थित गोवर्धन सभागार में भारत स्काउट्स एवं गाइड, आगरा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवगठित स्काउट्स एवं गाइड इकाई के पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने स्काउट्स एवं गाइड संगठन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों, विशेषकर युवाओं और बच्चों में स्काउटिंग की गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड के माध्यम से सेवा, समर्पण, टीम भावना और सामाजिक सरोकारों के मूल्यों का विकास होता है, जो न केवल व्यक्तिगत जीवन बल्कि संगठनात्मक कार्य संस्कृति को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने आगामी समय में अधिकाधिक प्रशिक्षण शिविर, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण अभियान, स्वच्छता जागरूकता गतिविधियाँ तथा आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्काउट्स एवं गाइड द्वारा विगत अवधि में किए गए विभिन्न कार्यों, सेवा शिविरों, स्टेशन परिसर में यात्रियों की सहायता, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, रक्तदान शिविरों तथा सामाजिक जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों एवं नई कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरीश कुमार गुप्ता, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी श्री पवन जयंत, जिला आयुक्त (गाइड) एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक कु. गार्गी उमराव, जिला आयुक्त (कब) एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (सिग्नल) श्री अनिल सिंह पटेल, जिला आयुक्त (रोवर) एवं वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक श्री विवेक दिवाकर, जिला आयुक्त (मुख्यालय) श्री अनादी मित्तल (DEN/HQ), जिला आयुक्त (मुख्यालय) एवं मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री शुभम अग्रहरी, सहायक जिला आयुक्त (स्काउट्स) श्री प्रेम चंद अग्रवाल (ADEE), सहायक जिला आयुक्त (स्काउट्स) श्री संजय कुमार गौतम (ACM), जिला आयुक्त (रेंजर) डॉ. सपना कुमारी (DMO) सहित स्काउट्स एवं गाइड संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने तथा समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से रेलवे की जनसेवा की परंपरा को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई।
अंत में मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आगरा मंडल का स्काउट्स एवं गाइड संगठन भविष्य में भी सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा रेलवे एवं समाज के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


