आगरा, 10 जून 2026। डायमंड बॉल खेल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगरा लोकसभा क्षेत्र के फतेहपुर सीकरी स्थित बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज में प्रथम सीनियर राष्ट्रीय डायमंड बॉल (गुरखी गोला) चैंपियनशिप का आयोजन 20 से 22 जून 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुष, महिला एवं मिश्रित वर्ग की टीमें भाग लेंगी।
आयोजन अध्यक्ष विश्वेंद्र शर्मा ने बताया कि देशभर से आने वाली टीमें 19 जून से ही आगरा पहुंचना प्रारंभ कर देंगी। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा खिलाड़ियों और अधिकारियों के स्वागत हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता डायमंड बॉल खेल के जनक एवं डायमंड बॉल एसोसिएशन आफ इंडिया के अध्यक्ष राजीव सोई के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित की जा रही है।
एसोसिएशन के तकनीकी अधिकारी डॉ. देश दीपक कुलश्रेष्ठ ने जानकारी दी कि आयोजन के सफल संचालन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से अनुभवी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों और तकनीकी अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है, जो प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं उच्च मानकों के अनुरूप संपन्न कराएंगे।
खिलाड़ियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन समिति द्वारा उनके ठहरने की व्यवस्था महाविद्यालय के हॉस्टल में तथा भोजन की व्यवस्था महाविद्यालय परिसर में ही की गई है, जिससे प्रतिभागियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव दिलीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान ही वर्ष 2026-27 की वार्षिक आम बैठक (AGM) का आयोजन भी किया जाएगा। इस बैठक में देश के लगभग 20 राज्यों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता राजीव सोई करेंगे, जिसमें आगामी वर्ष की खेल गतिविधियों, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी तथा डायमंड बॉल (गुरखी गोला) के विस्तार एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार हेतु पोस्टर विमोचन समारोह का आयोजन 18 जून को महाविद्यालय के मल्टीपरपज़ हॉल में किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों एवं टीमों का गठन भी कर दिया गया है।
इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने में संजय नेहरू, तरुण चतुर्वेदी, के.पी. सिंह यादव, उपेंद्र कुशवाह, मोहित सिंह, फरमान, कुनाल सिंह, रिहान मोहम्मद, मोहित दिवाकर, देवेश देसवाल सहित अनेक खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान कर रहे हैं।डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आयोजन समिति ने देशभर के खेल प्रेमियों से इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सहभागिता एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।


