जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियां को लेकर “जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति” की समीक्षा बैठक संपन्न
पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से कराई जाएगी जनगणना- जिलाधिकारी
आगरा.24.02.2026.आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु जिला स्तरीय “जनगणना समन्वय समिति” की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि यह जनगणना भारत की 16 वीं और स्वतंत्रता के बाद की 08 वीं जनगणना होगी। उन्होंने इसकी महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह ग्राम, वार्ड और नगर स्तर पर उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों का एकमात्र विश्वसनीय स्रोत है, जो शासन की नीतियों, योजनाओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनर को गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग कराई जाए।
बैठक में जनगणना अधिनियम, नियमों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जनगणना-2027 की समयावधि, चार्ज निर्धारण, पदानुक्रम, मेट्रिक्स, स्व-गणना प्रक्रिया, गतिविधियों की निगरानी, प्रगणक व सुपरवाइजर सहित अन्य कार्मिकों की भूमिका और प्रशिक्षण कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूरी करें। उन्होंने यह भी बताया कि यह जनगणना पहली बार पूरी तरह से डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) का भी प्रावधान होगा। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनेगी।
बैठक में एडीएम वित्त व राजस्व ने बताया कि वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से कराई जाएगी। दूसरे चरण की मतगणना 09 फरवरी से की जाएगी, नागरिकों को मोबाइल एप के जरिए स्वयं अपना विवरण दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित एप डाउनलोड कर आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए सुपरवाइजर एवं प्रगणक नियुक्त किए जाएंगे, जिन्हें मास्टर ट्रेनरों द्वारा विधिवत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण की शुरुआत पहले सुपरवाइजर स्तर से कराई जाएगी। इस कार्य में शिक्षकों, लेखपालों तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
डिस्ट्रिक्ट सेंसस कॉर्डिनेशन कमेटी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी, डीपीआरओ/अपर जिला जनगणना अधिकारी, डीआईओ(एनआईसी)/अपर जिला जनगणना अधिकारी, डीईएसटीओ/अपर जिला जनगणना अधिकारी, अपर नगरायुक्त/नगर जनगणना अधिकारी,बीएसए, जिला सूचना अधिकारी, तथा एक सदस्य जनगणना कार्य निदेशालय का प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के संबंध में 04 मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण के लिए लखनऊ भेजे गए हैं, जबकि जनपद में 160 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे, नगर निगम हेतु 64 फील्ड ट्रेनर, 10527 प्रगणक तथा 1700 से अधिक सुपरवाइजर तैनात होंगे, जिनका प्रशिक्षण का कार्य मास्टर ट्रेनर द्वारा किया जाएगा।
बैठक में सीडीओ श्रीमती प्रतिभा सिंह,अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड,जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा,डीपीआरओ मनीष कुमार डीईएसटीओ मौजूद रहे।


