बिना अनुमति टेलीकॉम कंपनी ने खोद डाली लाखों की सड़क, नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

गोकुलपुरा-अशोक नगर में एक साल पहले बनी सड़कों को किया क्षतिग्रस्त, कंपनी पर लगेगी पेनाल्टी

आगरा। शहर में एक ओर नगर निगम प्रशासन द्वारा लाखों रुपये खर्च कर सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर टेलीकॉम कंपनियों की मनमानी इन सड़कों को बदहाल कर रही है। गोकुलपुरा और अशोक नगर क्षेत्र में करीब एक वर्ष पहले ही बनाई गई सड़कों को टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारियों ने बिना अनुमति के खोद दिया। इससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान होने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद राजेश प्रजापति ने इस मामले से नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया था कि गोकुलपुरा और अशोक नगर क्षेत्र में लगभग एक वर्ष पहले नगर निगम द्वारा लाखों रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कराया गया था। सड़कें बनने के बाद क्षेत्रीय लोगों को काफी राहत मिली थी, लेकिन टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारियों ने बिना किसी अनुमति के खुदाई कर सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया। कंपनियों की इस तरह की मनमानी से सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को मौके की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित टेलीकॉम कंपनी के खिलाफ पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई करने को भी कहा है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में वायु प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए शहर में किसी भी प्रकार की सड़क खुदाई पर प्रतिबंध लगाया गया है। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में खुदाई आवश्यक है तो इसके लिए नगर निगम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति सड़क खोदने वाली कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
शहर में बिना अनुमति सड़क खोदने की किसी को छूट नहीं दी जाएगी। गोकुलपुरा के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित टेलीकॉम कंपनी पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाएगी। वर्तमान में वायु प्रदूषण के मद्देनजर खुदाई पर प्रतिबंध है। विशेष परिस्थिति में भी नगर निगम की अनुमति लेना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *