—- मुनादी कर दुकानदारों को दी चेतावनी, दोबारा सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किया तो होगी कार्रवाई
—– राजामंडी के साप्ताहिक बाजार में भी नगर निगम की सख्ती
आगरा। टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दो दिन तक बुलडोजर चलाने के बाद अब नगर निगम प्रशासन ने दोबारा कब्जे रोकने के लिए निगरानी शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल की टीम ने पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग की। इस दौरान मुनादी कर दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखने की सख्त हिदायत दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि किसी ने दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ फिर से कार्रवाई की जाएगी।
टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार रोड पर सड़क किनारे और फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। अतिक्रमण की वजह से राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सी एम ग्रिड योजना के तहत चल रहे विकास कार्य भी अतिक्रमण के चलते प्रभावित हो रहे थे। इसे देखते हुए शनिवार और रविवार को नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण, दुकानों के बाहर लगाए गए टिन शेड, बोर्ड, होर्डिंग और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया था। अभियान में दर्जनों अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए थे।
दो दिन की कार्रवाई के बाद सोमवार को नगर निगम ने अब इस मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न होने पाएं। प्रवर्तन दल की टीम ने दुकानदारों को मुनादी के जरिए चेतावनी दी कि दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और फुटपाथ को पूरी तरह खाली रखें। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है।
—-राजामंडी के साप्ताहिक बाजार में भी पहुंची निगम की टीम
उधर, नगर निगम प्रशासन ने राजामंडी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को लेकर भी सख्ती दिखाई। सोमवार को प्रवर्तन दल की टीम ने बाजार में पहुंचकर कारोबारियों को चेतावनी दी कि कोई भी दुकानदार फुटपाथ अथवा सड़क के बीच में दुकान न लगाए। टीम ने कारोबारियों को स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आवागमन के रास्ते पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क और फुटपाथ पर दुकानें लगाने से राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए निगम प्रशासन ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी। अचानक पहुंची टीम की मुनादी और सख्त रुख से बाजार के कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ अब उन स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, जहां कार्रवाई के बाद दोबारा कब्जे होने की आशंका रहती है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने में मदद मिलेगी।
—— नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन स्थानों पर अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां दोबारा कब्जे न हों, इसके लिए प्रवर्तन दल को नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों से अपील है कि वे सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


