—— मोबाइल शौचालय, पॉलीथिन पर रोक और व्यापक स्वच्छता अभियान से मेले को बनाया जाएगा स्वच्छ
आगरा। राजेश्वर महादेव मंदिर, शमशाबाद रोड पर आयोजित होने वाले श्रावणी मेले को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम की ओर से मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। इसके तहत पूरे मेला परिसर में तीन शिफ्टों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि चौबीसों घंटे साफ-सफाई की व्यवस्था बनी रहे।
इस संबंध में सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुबह, शाम और रात्रि की अलग-अलग शिफ्टों में बड़ी संख्या में सफाई मित्र और सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनका दायित्व मेला परिसर, मंदिर मार्ग, पार्किंग स्थल और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख रास्तों की नियमित सफाई करना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी कूड़े का ढेर या गंदगी दिखाई न दे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार मोबाइल शौचालय स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से दो मोबाइल शौचालय पहले ही लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष दो मोबाइल शौचालय 2 अगस्त तक स्थापित कर दिए जाएंगे। इसके अलावा पूरे मेला परिसर में बड़े आकार के डस्टबिन तथा अन्य कूड़ादान भी लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और परिसर स्वच्छ बना रहे।
नगर निगम ने मेले को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए भी अभियान तेज कर दिया है। दूसरे दिन भी जनजागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही मेला क्षेत्र में पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान सफाई, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों की नियमित निगरानी रहेगी और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


