——श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश, सुरक्षा व स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर
आगरा। श्रावण मास के दौरान शमशाबाद रोड स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर में लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार देर सायं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर कमेटी पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मुख्य मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों ने विशेष रूप से मंदिर परिसर एवं आसपास नियमित सफाई कराने, कूड़ेदानों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, जलभराव की स्थिति न बनने देने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।


