
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने किया जीआईसी सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण/निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं,जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपी टीईटी परीक्षा,26 परीक्षा केंद्रों पर हुई शुरू
02,03 व 04 जुलाई को तीन दिवसीय परीक्षा हेतु 05 पालियों में कुल- 50512 परीक्षार्थी होंगे शामिल
आगरा.02.07.2026.आज जनपद में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित यूपी टीईटी/उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जीआईसी सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण/निरीक्षण कर व्यवस्थाएं, देखीं, केंद्र पर कुल परीक्षार्थी, उपस्थित तथा अनुपस्थिति परीक्षार्थियों की जानकारी ली तथा संबंधित को निर्देश दिए।
उक्त परीक्षा के आयोजन हेतु जनपद में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 02 जुलाई,03 व 04 जुलाई को तीन दिवसीय परीक्षा 05 पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रथम दिन 02 जुलाई को प्रथम पाली में -9178 तथा द्वितीय पाली में-9178 परीक्षार्थी,03 जुलाई को प्रथम पाली में 9179 व द्वितीय पाली में 11488 एवं 04 जुलाई को एक पाली में 11489 कुल 50512 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली 9:30 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली 2:30 बजे से 05 बजे तक समय निर्धारित है।
प्रशासन की ओर से इसको लेकर कड़ी तैयारी की गई है उक्त परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी आयोजित कराने हेतु 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है,15 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आरक्षित रखा गया है।
शासन से परीक्षा आब्जर्वर के रूप में सेवानिवृत्त आईपीएस श्री रामलाल वर्मा को तैनात किया गया है उनकी देखरेख में परीक्षा कराई जा रही है।
यूपी टीईटी परीक्षा के लिए जनपद में आगरा कॉलेज, सेंट जॉन्स कॉलेज, जीआइसी, नगर निगम इंटर कालेज, महर्षि परशुराम इंटर कालेज, साकेत विद्यापीठ इंटर कालेज, राम स्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कालेज, केदारनाथ सेकसरिया इंटर कॉलेज, आरबीएस इंटर कॉलेज आदि को केंद्र बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि यूपी-टीईटी परीक्षा को सकुशल,सुचिता-पूर्वक और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शासन की मंशानुरूप,सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है,पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर ड्यूटी का निर्वहन करने, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम निगरानी एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों, पेयजल, छाया आदि व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी महोदय ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी में लगे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान सतत सक्रिय निगरानी के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आज प्रथम दिन,प्रथम पाली में 1416 व द्वितीय पाली में 1445 परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति रही। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।


