बाजार में गंदगी और सफाई में लापरवाही पर सुपरवाइजर की नौकरी गई

Press Release उत्तर प्रदेश

पार्षद की चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी सफाई व्यवस्था, जेडएसओ के निरीक्षण में फिर मिले कूड़े के ढेर

आगरा। शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और वार्डों को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के आदेशों के क्रम में वार्ड संख्या 89 के नवादा में गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर सुपरवाइजर हेमंत सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। जेडएसओ राजीव बालियान के निरीक्षण में वार्ड में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर पाए गए थे। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई।
वार्ड संख्या 89 का पार्षद आशीष सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया था। इस दौरान वार्ड में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर मिलने पर सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई गई थी। वार्ड के सुपरवाइजर हेमंत सिंह को अंतिम चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार का एक और मौका दिया गया था। उनसे वार्ड में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और कूड़े के ढेरों को हटवाने की अपेक्षा की गई थी।
इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। जेडएसओ राजीव बालियान द्वारा दोबारा वार्ड का निरीक्षण किए जाने पर पूर्व की स्थिति से भी अधिक गंदगी और कूड़े के ढेर पाए गए। निरीक्षण में सफाई कार्य के प्रति लापरवाही सामने आने के बाद सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।
इसके बाद जेएस इन्वायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सुपरवाइजर हेमंत सिंह को नौकरी से बर्खास्त करने का पत्र जारी किया गया। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पहले चेतावनी देकर सुधार का अवसर दिया गया था, लेकिन दोबारा निरीक्षण में स्थिति और खराब मिलने के कारण अब उन्हें एक और मौका देना उचित नहीं है।
नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की निगरानी के तहत यह कार्रवाई की गई है। वार्डों में नियमित सफाई, कूड़े का समय से उठान और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण किए जा रहे हैं। वार्ड 89 में सामने आई लापरवाही के बाद संबंधित सुपरवाइजर की नौकरी समाप्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *