दीपावली से पहले प्रगणकों को मिलेगी जनगणना सामग्री

Press Release उत्तर प्रदेश

जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण कार्य पर दिया जोर

आगरा। राष्ट्रीय जनगणना-2026 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में नगर निगम सदन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार की उपस्थिति में सभी जोन के सुपरवाइजरों और चार्ज अधिकारियों को जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। नगर आयुक्त ने दीपावली से पूर्व सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को आवश्यक जनगणना सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना के कार्य को सुगम, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों और जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को समय से आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने सभी सुपरवाइजरों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने जनगणना कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए जरूरी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसे पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य सुगमता और गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।
बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया। बैठक के दौरान सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम आदि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *