आगरा। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर अंडर-14 क्रिकेट मुकाबला सुख जीवन क्रिकेट अकादमी और आराध्य क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आराध्य क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित ओवरों में 244 रन बनाए। यशिका ने 59, विराट शर्मा ने 50 और पिहू ने 31 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। सुख जीवन की ओर से निर्भय और नैतिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुख जीवन क्रिकेट अकादमी की टीम 33 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सुख जीवन की ओर से आर्यन ने शानदार 103 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि दानवीर ने 13 रन बनाए। आर्यन की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद आराध्य क्रिकेट अकादमी ने मुकाबला 59 रनों से जीत लिया। बेहतरीन 103 रनों की पारी के लिए आर्यन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पार्षद अरविंद गौतम, बंटी यादव, विजय ठाकुर, राजेश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई, पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


