आगरा मंडल में पहली बार ‘मानक कवच’ का सफल कमीशनिंग

Press Release उत्तर प्रदेश

मथुरा–आगरा खंड के 53.790 रूट किमी में बढ़ी रेल संरक्षा

आगरा मंडल में पहली बार मथुरा जंक्शन–आगरा कैंट रेलखंड के 53.790 रूट किलोमीटर में भारतीय रेलवे की अत्याधुनिक स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘मानक कवच’ का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया है। यह उपलब्धि रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा आधुनिक तकनीक आधारित रेल परिचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। मानक कवच की स्थापना आगरा मंडल में आधुनिक रेल अवसंरचना और उन्नत संरक्षा तकनीक के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
मथुरा–आगरा कैंट खंड में स्थापित मानक कवच प्रणाली ट्रेन परिचालन के दौरान संभावित खतरों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह प्रणाली आमने-सामने की टक्कर तथा पीछे से होने वाली टक्कर से सुरक्षा, रोल-अवे से सुरक्षा, स्टैंडस्टिल सुरक्षा तथा आपातकालीन स्थिति में मैनुअल एसओएस जनरेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं से सुसज्जित है।
इस परियोजना के अंतर्गत मथुरा–आगरा कैंट खंड में कुल 766 RFID टैग स्थापित किए गए हैं। साथ ही प्रणाली के सफल एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कमीशनिंग से पूर्व लोको पायलटों एवं अन्य रनिंग स्टाफ के साथ-साथ सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस नई उपलब्धि के साथ उत्तर मध्य रेलवे में कमीशन किए गए मानक कवच नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 122.20 रूट किलोमीटर हो गई है।
मानक कवच भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक उन्नत स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है, जिसका उद्देश्य रेल दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करते हुए ट्रेन परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाना है।
आगरा मंडल द्वारा आधुनिक तकनीक और उन्नत संरक्षा प्रणालियों को अपनाते हुए रेल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मथुरा–आगरा खंड में मानक कवच का सफल कमीशनिंग इसी प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *