व्हाट्सएप पर हाउस टैक्स जमा कराएं साथ ही डिजिटल रिसिप्ट पायें

Press Release उत्तर प्रदेश

—-नगर निगम की नई डिजिटल सुविधा, अब खोने का झंझट खत्म
—-प्रदेश में इस सुविधा को देने वाला पहला आगरा नगर निगम

आगरा । डिजिटलीकरण की दिशा में आगरा नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। अब नगर निगम व्हाट्सएप के माध्यम से हाउस टैक्स जमा करने वाले उपभोक्ताओं को जमा राशि की रसीद पीडीएफ फाइल के रूप में उपलब्ध कराएगा। इस नई सुविधा से हाउस टैक्स की रसीद खोने या गुम होने जैसी समस्याओं से पूरी तरह निजात मिल जाएगी और लोग इसे डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकेंगे।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल नागरिकों को बेहतर और सुगम सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, अब लोगों को अपनी हाउस टैक्स रसीद को भौतिक रूप में संभालकर रखने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। एक क्लिक पर वे अपनी रसीद डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेगी।”
—–सुविधा पाने के लिए यह करना होगा—

जो भी टैक्स धारक इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें अपने संबंधित जोन में स्थित नगर निगम कार्यालय में जाकर अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराना होगा। यह एक बार का कार्य है जिसके बाद वे इस आधुनिक सुविधा का आसानी से लाभ उठा पाएंगे।

—-व्हाट्सएप से बिल जमा कराने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि—-

अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने इस संबंध में बताया कि व्हाट्सएप के माध्यम से हाउस टैक्स जमा करने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो डिजिटलीकरण की स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2023-24 में 5900 लोगों ने हाउस टैक्स के रूप में ₹1 करोड़ नगर निगम को जमा कराया।जबकि वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 28936 लोगों तक पहुंच गई है, जिन्होंने हाउस टैक्स के रूप में निगम को 9 करोड़ 83 लाख की राशि जमा कराई है। यह आंकड़ा इस डिजिटल माध्यम की लोकप्रियता और सुविधा को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
नगर निगम आगरा की यह पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी, बल्कि नागरिकों के लिए भी हाउस टैक्स जमा करने और रसीद प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी। यह डिजिटल युग में कदम से कदम मिलाकर चलने की नगर निगम की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *