—– ड्यूटी लेने के बाद भी काम नहीं करने वालों पर कार्रवाई तेज
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। ड्यूटी प्राप्त करने के बावजूद जनगणना कार्य में रुचि न लेने वाले 411 कर्मचारियों का वेतन रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों के विभागाध्यक्षों को पत्र भेजे गए हैं।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लगातार निर्देश और चेतावनी दिए जाने के बावजूद कई कर्मचारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित कर अब उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा लगातार बैठकें आयोजित कर सुपरवाइजरों और प्रगणकों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ कर्मचारी ड्यूटी प्राप्त करने के बाद भी कार्य नहीं कर रहे हैं। ऐसे 411 कर्मचारियों की सूची तैयार कर संबंधित विभागाध्यक्षों को उनका वेतन रोकने के लिए पत्र भेजा जा रहा है।
नगर जनगणना अधिकारी ने बताया कि अभी भी लगभग साढ़े तीन सौ कर्मचारी ऐसे हैं जिन्होंने अब तक अपनी ड्यूटी तक प्राप्त नहीं की है। इन कर्मचारियों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । कर्मचारियों की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करना शासन की प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।


