
—नगर निगम की चार टीमों ने न्यू आगरा–कमला नगर क्षेत्र में चलाया टीकाकरण अभियान
आगरा। शहर को रैबीज मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 44 के न्यू आगरा, कर्बला रोड, कमला नगर और भगवान टॉकीज रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर करीब ढाई सौ कुत्तों का वैक्सीनेशन किया गया।
नगर निगम की ओर से इस अभियान के लिए चार टीमों को तैनात किया गया है, जो अलग-अलग इलाकों में जाकर आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका एंटी-रैबीज टीकाकरण कर रही हैं। अभियान के दौरान टीमों ने क्षेत्र में घूम रहे कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उन्हें रैबीज का टीका लगाया, ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार नगर निगम का लक्ष्य शहर को रैबीज मुक्त बनाना है। इसके लिए लगातार अलग-अलग वार्डों में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों का टीकाकरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन के साथ-साथ कुत्तों के नसबंदी कार्यक्रम को भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे उनकी संख्या को नियंत्रित किया जा सके।
डॉ. सिंह ने बताया कि न्यू आगरा, कर्बला रोड, कमला नगर और भगवान टॉकीज रोड क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 250 कुत्तों को एंटी-रैबीज वैक्सीन लगाई गई। अभियान में लगी टीमों ने स्थानीय लोगों को भी रैबीज से बचाव और कुत्तों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने के बारे में जागरूक किया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य वार्डों में इसी तरह के विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक कुत्तों का वैक्सीनेशन कर आगरा को रैबीज मुक्त बनाया जा सके।


