नगर आयुक्त के आदेश के बाद सीवर समस्या से जूझ रहे लोगों को मिली निजात

Press Release उत्तर प्रदेश

—– सीवर चोक होने से प्रकाश नगर में उफन रहे सीवर की गंदगी से परेशान थे सैकड़ों लोग

—– क्षेत्रीय पार्षद द्वारा नगर आयुक्त से की गई शिकायत पर हरकत में आया जलकल विभाग

आगरा। वार्ड 18 राम नगर के प्रकाश नगर क्षेत्र में कई दिनों से उफन रहे सीवर और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिल गई। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश के बाद जलकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीवर की सफाई कराई, जिससे क्षेत्र में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या समाप्त हो गई।
प्रकाश नगर में काफी समय से नियमित सफाई न होने के कारण सीवर उफन रहा था। इसकी वजह से घरों के सामने गंदा पानी भर गया था और स्थानीय लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीवर का पानी सड़कों पर बहने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय पार्षद रेखा भास्कर ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त के आदेश मिलते ही जलकल विभाग की टीम सक्रिय हो गई और शनिवार दोपहर प्रकाश नगर पहुंचकर सीवर लाइन की सफाई कराई। कर्मचारियों ने मशीनों की मदद से जाम सीवर को साफ किया, जिससे पानी का बहाव सामान्य हो गया और सड़कों पर भरा गंदा पानी भी निकल गया।
सीवर की सफाई के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई दिनों से सीवर उफनने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब समस्या का समाधान होने से उन्हें गंदगी और जलभराव से निजात मिल गई है। नगर आयुक्त का कहना है कि शहर में कहीं भी सीवर जाम या जलभराव की समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *