
आगरा । मंडल रेल प्रबंधक, गगन गोयल के निर्देशन में महिला कर्मचारियों के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 सितंबर 2026 को अधिकारी क्लब, आगरा में “महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती ईशानी गोयल, अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन आगरा मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात महिला कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला अतिथियों एवं वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर महिलाओं की भूमिका एवं उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर श्रीमती गुलशन, एसआई (आरपीएफ), श्रीमती मीनू, कांस्टेबल (आरपीएफ), श्रीमती रिंकू सिंह, आईपीएफ (आरपीएफ), श्रीमती अनुराधा तिवारी, रेलवे अधिवक्ता, महिला चिकित्सक तथा सुश्री गार्गी उमराव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों ने सराहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल महिला कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर उपाध्याय हॉस्पिटल के सहयोग से महिला चिकित्सा जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल ने उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिला कर्मचारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग, आगरा मंडल द्वारा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम ने महिला कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए एक प्रेरणादायी मंच प्रदान किया।


