खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, आगरा
दिनांक : 09 जुलाई, 2026
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी, आगरा के निर्देशानुसार जनपद आगरा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई।
एम/एस सूरजी स्पाइसेज, खासपुर, दयालबाग, आगरा का निरीक्षण कर धनिया पाउडर, साबुत जीरा, हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, स्नैक्स मसाला, पिज़्ज़ा ओरेगानो तथा सलाद मसाला के कुल 07 विधिक नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत 300 किलोग्राम सेंधा नमक, 53.9 किलोग्राम हल्दी पाउडर तथा 56 किलोग्राम धनिया पाउडर, कुल 409.9 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिनका अनुमानित मूल्य ₹48,980, अभिग्रहित (सीज़) किए गए।
इसके अतिरिक्त एस.के. गोयल सेल्स, जगनेर, खेरागढ़, आगरा से गरम मसाला का 01 विधिक नमूना संग्रहित किया गया।
इस प्रकार अभियान के दौरान जनपद में कुल 08 विधिक नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियमावली के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद के समस्त खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे केवल मानक एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करें तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के समस्त प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा जनहित में इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


