आगरा। स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल व अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गिरीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आगरा मंडल में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है। आगरा मंडल में 21 एवं 22 सितंबर 2026 को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ जन” थीम पर विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सफाई मशीनों, उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्यशील स्थिति की जांच की जा रही है। साथ ही सफाई कर्मचारियों के लिए आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। स्टेशनों पर गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन उपलब्ध कराने, डस्टबिन के उचित उपयोग के प्रति यात्रियों एवं आमजन को जागरूक करने तथा प्लास्टिक-मुक्त प्लेटफॉर्म के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ‘स्वच्छ रेलगाड़ी’ अभियान के तहत चिन्हित एवं विशेष ट्रेनों का अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ट्रेनों के शौचालयों, कोच के अंदर एवं बाहरी हिस्सों की सफाई, लिनेन की गुणवत्ता तथा ओबीएचएस ट्रेनों में पैंट्रीकार की स्वच्छता की जांच की जा रही है।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालें तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।


