
—- वाटर वर्क्स जाम से राहत की तैयारी, सेटेलाइट बस स्टेशन को तेजी से किया जा रहा विकसित
आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और वाटर वर्क्स क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए विकसित किए जा रहे फाउंड्री नगर सेटेलाइट बस स्टैंड पर शुक्रवार को नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पूरे परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई, धुलाई और चूने का छिड़काव कराया गया।
अलीगढ़, मेरठ, हाथरस, गाजियाबाद सहित आसपास के शहरों की बसों के आईएसबीटी जाने के कारण वाटर वर्क्स चौराहे पर अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए रोडवेज के वर्कशॉप परिसर, फाउंड्री नगर में सेटेलाइट बस स्टेशन विकसित किया जा रहा है, जिससे इस रूट की बसों का संचालन यहां से किया जा सके।
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राजवीर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए नगर निगम द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान परिसर से पांच टिपर कचरा और भारी मात्रा में निर्माण एवं विध्वंस (सीएनडी) वेस्ट को हटवाया गया। साथ ही पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए धुलाई कराकर चूने का छिड़काव कराया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जेड एस ओ आशुतोष वर्मा ने बताया कि सफाई अभियान में दर्जन भर से अधिक सफाई मित्रों को लगाया गया था। उन्होंने बताया कि सेटेलाइट बस स्टैंड को व्यवस्थित और उपयोग के योग्य बनाने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है ।


