
आगरा। मंडल द्वारा यात्रियों को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से खानपान यूनिटों पर ओवरचार्जिंग रोकने तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु दिनांक 24.04.2026 से 30.04.2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आगरा फोर्ट, ईदगाह, मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर, रूपवास, फतेहपुर सीकरी, पथौली, यमुना ब्रिज, एत्मादपुर ,बिल्लौचपुरा, राजा की मंडी, गोवर्धन, डीग,नदबई,आगरा कैंट एवं धौलपुर जंक्शन सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर खानपान निरीक्षकों एवं वाणिज्य निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
इस विशेष ड्राइव के दौरान खानपान यूनिटों की गहन जांच की जा रही है, जिसमें यात्रियों के साथ व्यवहार, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों तथा निर्धारित दरों के अनुरूप मूल्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आगरा मंडल द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रियों को निर्धारित दरों पर उच्च गुणवत्ता की खाद्य सामग्री उपलब्ध हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की शिकायत या ओवरचार्जिंग की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


