यूपी की सियासत में उबाल: सपा प्रवक्ता मनोज यादव को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, बाराबंकी कोर्ट में होगी पेशी

Politics

लखनऊ/बाराबंकी, 13 फरवरी: उत्तर प्रदेश की राजनीति में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एसटीएफ (STF) की विशेष टीम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और टीवी पैनलिस्ट मनोज यादव को हिरासत में ले लिया। पिछले दो दिनों से ‘लापता’ बताए जा रहे मनोज यादव को एसटीएफ ने सफदरगंज इलाके से उनके साथियों के साथ पकड़ा।

क्या है पूरा मामला?

बाराबंकी पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 11 फरवरी को थाना सफदरगंज में मनोज यादव के खिलाफ धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसटीएफ ने गिरफ्तारी के बाद मनोज यादव का बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया और फिर उन्हें स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब उन्हें बाराबंकी कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।

सपा ने जताया था ‘अनहोनी’ का डर

गिरफ्तारी से पहले समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर मनोज यादव के गायब होने की सूचना देते हुए गहरी चिंता जताई थी। पार्टी ने पुलिस से तत्काल खोजबीन की मांग करते हुए किसी अनहोनी की आशंका जाहिर की थी।

​सियासी घमासान और तीखी प्रतिक्रिया

मनोज यादव की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी हमलावर हो गई है। पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने एक्स (X) पर पोस्ट कर इसे ‘भाजपा की साजिश’ करार दिया। उन्होंने लिखा ​”मनोज यादव की अनैतिक गिरफ्तारी और उन्हें गायब रखना भयावह है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के राज में लोकतंत्र का खात्मा और पुलिसिया गुंडाराज का विस्तार हो रहा है। उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *