
—– अपर नगर आयुक्त ने कैलाश घाट, हाथी घाट और दशहरा घाट का किया निरीक्षण, बैरीकेडिंग, रोशनी और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
आगरा। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने सोमवार को कैलाश घाट, हाथी घाट और दशहरा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बनाए गए अस्थायी कुंडों के आसपास बैरीकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने घाटों पर बनाए गए अस्थायी कुंडों की स्थिति भी देखी। कुछ स्थानों पर कुंडों में पर्याप्त मात्रा में गंगा जल नहीं होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुंडों में पर्याप्त गंगा जल भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और निर्धारित स्थानों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित अस्थायी कुंडों में ही कराया जाए। किसी भी श्रद्धालु को प्रतिमा सीधे यमुना में विसर्जित करने की अनुमति न दी जाए। इसके लिए घाटों पर पर्याप्त बैरीकेडिंग कराने के साथ कर्मचारियों की तैनाती और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से शाम और रात के समय आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सकेगी। वहीं, कुंडों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जेडएसओ और एसएफआई समेत संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान रखा जाए और घाटों के आसपास किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।


