—- सुभाष मार्केट हादसे के बाद नाले के कई हिस्सों में चलाया गया अभियान, देर शाम तक नहीं मिला कोई सुराग
आगरा। सुभाष मार्केट में दुकान ढहने के कारण नाले में गिरी महिला गंगा देवी की तलाश में शुक्रवार को भी नगर निगम की टीमें दिनभर जुटी रहीं। दूसरे दिन भी अधिकारियों की निगरानी में नाले के विभिन्न हिस्सों में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल सका था।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने मौके का निरीक्षण कर अभियान में लगे अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तलाश अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से झलकारी बाई चौक से यमुना की ओर तथा अमर सिंह गेट से झलकारी बाई चौक तक खुले नाले के ऊपर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
अभियान के दौरान नाले में जमा सिल्ट, कूड़ा और अन्य अवरोधों को हटाने के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों को लगाया गया। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन उड़ाकर भी नाले के विभिन्न हिस्सों में महिला की तलाश कराई गई, ताकि किसी भी संभावित स्थान की जांच से कोई हिस्सा छूट न जाए।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार नाले के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला की खोज के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का सर्च ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक महिला का पता नहीं चल जाता। हालांकि समाचार लिखे जाने तक निगम कर्मियों को इस अभियान में कोई सफलता हासिल नहीं हो पाई थी।
गौरतलब है कि लगातार हुई बारिश के दौरान सुभाष मार्केट क्षेत्र में नाले के ऊपर बनी दुकान अचानक धंस गई थी, जिससे गंगा देवी नाले में गिर गई थीं। घटना के बाद से नगर निगम, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।


