आगरा.07.08.2024.आज मंत्री श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग उ0प्र0 अनिल राजभर की अध्यक्षता में श्रम विभाग आगरा व अलीगढ़ मंडल के कार्यों की सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की समीक्षा में बताया गया कि भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों की कार्य स्थल पर दुर्घटनावश दिव्यांगता या मृत्यु होने की दशा में श्रमिकों तथा उनके आश्रितों को अनुदान की व्यवस्था है लेकिन उक्त प्रकरणों में प्राप्त आवेदन का ससमय समुचित निस्तारण में उचित प्रगति नहीं है। इसमें 26 आगरा मंडल तथा 22 अलीगढ़ मंडल में आवेदन लंबित हैं, आगरा मंडल के अंतर्गत सर्वाधिक जनपद फिरोजाबाद में 17 आवेदन निस्तारित नहीं किए गए हैं, मा. मंत्री महोदय ने प्राप्त सभी आवेदन गुणवत्ता से संतुष्टिपूर्ण निस्तारित करने तथा मजदूर, श्रमिकों में जन जागरूकता हेतु प्रयास करनेतथा सभी असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण कराने के निर्देश दिए जिससे कि श्रमिकों को सरकार की योजना का अधिकाधिक संख्या में लाभ दिलाया जा सके।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत ई- श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों को राशनकार्ड का खाद्य व रसद विभाग से लाभ दिलाए जाने की व्यवस्था है, लेकिन उक्त की प्रगति ठीक नहीं है,मा.मंत्री जी ने संबंधित विभाग के समन्वय से सभी पंजीकृत श्रमिकों को राशन कार्ड मुहैया कराने हेतु निर्देश दिए। बैठक में पीएम श्रमयोगी मानधन योजना की समीक्षा की गई जिसमें बताया गया कि आगरा मंडल में लक्ष्य के सापेक्ष 6.58 प्रतिशत तथा अलीगढ़ मंडल में 2.1 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है इसमें आगरा के मैनपुरी जनपद में दशमलव 9 प्रतिशत तथा अलीगढ़ मंडल के एटा जनपद की 1.2 प्रतिशत लक्ष्य के सापेक्ष सबसे कम प्रगति है , मा. मंत्री महोदय ने कारण पूछे जाने पर तकनीकी समस्या को बताया गया, मंत्री जी ने तकनीकी समस्या को संबंधित से संपर्क कर दूर करने तथा लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों की एनपीएस, अंशदाई पेंशन योजना की समीक्षा में जनपद अलीगढ़ की प्रगति ठीक नहीं होने पर टाइम लाइन बनाकर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि दोनों मंडलों में,कारखाना निरीक्षण हेतु दिए जून तक के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
बैठक में फैक्ट्री एक्ट मैनेजमेंट सिस्टम की वेबसाइट का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें बताया गया कि एक क्लिक के माध्यम से फैक्ट्री तथा कारखानों, श्रमिकों,की जानकारी उपलब्ध होगी। मौके पर ही वेबसाइट को देखा जिसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 24865 रजिस्टर्ड फैक्ट्री पंजीकृत मिली,8 करोड़ 31 लाख पंजीकृत श्रमिक,45 लाख 85 हजार आगरा मंडल तथा 35 लाख 17 हजार अलीगढ़ मंडल में पंजीकृत श्रमिकों की जानकारी दी गई।
बैठक में उपकर(सेस) निर्धारण के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई जिसमें जनपद मैनपुरी की प्रगति अत्यंत खराब रही, बैठक में अटल आवासीय विद्यालय की समीक्षा में बताया गया कि फर्नीचर खरीद हेतु धनराशि स्वीकृत कर दी गई है अगस्त के अंतिम सप्ताह तक गुणवत्तापूर्ण सामग्री खरीद करने, जनपद आगरा के अटल आवासीय विद्यालय में खारे पानी की समस्या को देखते हुए लघु वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, जाली, ग्रिल आदि का कार्य कराने के निर्देश मा. मंत्री महोदय द्वारा दिए गए।
बैठक में विभिन्न श्रम अधिनियमों के अंतर्गत वादों का निस्तारण ससमय गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में श्रम आयुक्त उ.प्र.श्री मार्कंडेय शाही, निदेशक बॉयलर एवं मुख्य कारखाना नियोजक संदीप कुमार गुप्ता, उप श्रमायुक्त आगरा श्री राकेश कुमार द्विवेदी, उप श्रमायुक्त अलीगढ़ सियाराम, सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रचूड़ दुबे सहित दोनों मंडल के सभी सहायक श्रमायुक्त तथा सेवा योजन विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।


