मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नगर निगम ने संवारी सड़क, डाबर डालकर बनाया मोटरेबल
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग को सुगम बनाने के लिए गुरुवार को होटल अमर से उपाध्याय हॉस्पिटल तक सड़क के एक तरफ के हिस्से को डाबर डालकर मोटरेबल कर दिया गया। वहीं, सड़क पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टास्क फोर्स ने अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए दर्जनों अतिक्रमण हटवाए गए।
मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार होटल अमर से उपाध्याय हॉस्पिटल तक सड़क का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। निर्माण कार्य जारी होने के कारण सड़क के इस हिस्से पर आवागमन को सुचारु बनाए रखना नगर निगम प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ था। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए निगम की टीम ने प्राथमिकता के आधार पर सड़क के एक तरफ के हिस्से को डाबर डालकर चलने योग्य बनाया, जिससे वाहनों की आवाजाही में परेशानी कम हो सके।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसी मार्ग से दिवंगत विधायक छोटे लाल वर्मा के दया नगर स्थित आवास पर पहुंचना है। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सड़क की स्थिति सुधारने के साथ ही मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी जोर दिया। टास्क फोर्स ने सड़क किनारे अभियान चलाकर अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटवाया, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।
नगर निगम प्रशासन की ओर से सड़क को मोटरेबल बनाने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के बीच सड़क के एक हिस्से को तत्काल आवागमन योग्य बनाने से जहां रास्ते की स्थिति में सुधार हुआ, वहीं अतिक्रमण हटने से सड़क पर उपलब्ध जगह भी बढ़ी है।


