कोहरे के दौरान संरक्षित गाड़ी संचालन हेतु ‘सिग्नल लोकेशन बुक’ का विमोचन

Press Release उत्तर प्रदेश

विद्युत परिचालन विभाग, आगरा द्वारा आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के नेतृत्व में मंडल कार्यालय के समीक्षा कक्ष में ‘कोहरे के मौसम में संरक्षित रेल संचालन’ विषय पर संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा सिगनल लोकेशन बुक का विमोचन किया गया। यह पुस्तिका लोको पायलटों को कोहरे के दौरान संरक्षित एवं सुरक्षित गाड़ी संचालन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी। कोहरे के दौरान जब ट्रैक पर दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है, तब लोको पायलट ‘सिग्नल लोकेशन बुक’ की सहायता से संरक्षित रूप से गाड़ियों का संचालन कर सकते हैं। यह पुस्तिका प्रत्येक सेक्शन के सिग्नलों की स्थिति, दूरी एवं पहचान की विस्तृत जानकारी प्रदान करती है, जिससे प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी ट्रेन परिचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके। यह बुक कोहरे के मौसम में गाड़ी संचालन के दौरान लोको पायलट एवं सहा. लोको पायलट को मार्ग में आने वाले सिगनलों की सही-सही लोकेशन जानने में मदद करेगी, साथ ही साथ सुरक्षित संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषय जैसे कि मॉडीफाइड ऑटोमैटिक सिगनलिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली, क्रिटीकल एवं राइट हैंड साइड वाले सिगनलों की लोकेशन, रेल पथ पर जर्क लगने पर की जाने वाली कार्यवाही, विभिन्न विषयों पर जारी जॉइंट प्रोसीडूर आर्डर,लोड स्टॉलिंग से बचाव एवं मंडल के ग्रेडिएंट चार्ट आदि पर जानकारी देकर लोको पायलट के लिए पथ प्रदर्शक का कार्य करेगी ।
सेमिनार में कोहरे के मौसम में रेल संचालन को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियों, तकनीकी उपायों एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। रेलवे द्वारा शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मॉडिफाइड ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम, जर्क एवं लर्च की स्थिति में की जाने वाली कार्यवाही, ऑटोमैटिक सिग्नल के खराब होने अथवा ऑन स्थिति में उसे पार करने के नियमों तथा कवच-4.0 की कार्यप्रणाली के संबंध में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।
सेमिनार में लोको निरीक्षकों एवं अन्य रेल कर्मचारियों को कोहरे के दौरान उत्पन्न होने वाली चुनौतियों, जैसे दृश्यता में कमी, सिग्नल की पहचान में कठिनाई, ब्रेकिंग दूरी में वृद्धि तथा ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने की आवश्यकता के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही ड्यूटी के दौरान सदैव सजग एवं सतर्क रहने तथा निर्धारित नियमों एवं संरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त संरक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा कर कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान एवं कार्यकुशलता को अपडेट किया गया। सेमिनार में उपस्थित लोको निरीक्षकों, कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा कर समाधान किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/परिचालन सरयू प्रसाद पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अनिल सिंह पटेल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/सामान्य शैलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *