
—— सीटीपी प्वाइंट्स पर रंगोली बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश, कचरा न डालने की अपील
आगरा। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन ने शहर के ऐसे स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाने की पहल की है, जहां नियमित सफाई के बावजूद दोबारा कचरा जमा होने की समस्या सामने आती रही है। नगर निगम की टीम ने सहयोगी संस्था और स्वच्छता सफाई मित्रों के साथ मिलकर विभिन्न सीटीपी (क्लीनलीनैस टारगेट प्वाइंट) पर विशेष सफाई एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान चिन्हित सीटीपी पॉइंट्स की पहले विशेष सफाई कराई गई। इसके बाद इन स्थानों पर आकर्षक रंगोली बनाकर उनका सौंदर्यीकरण किया गया। रंगोली के जरिए सार्वजनिक स्थलों को नया और आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम के मुताबिक शहर में कई ऐसे स्थान हैं, जहां सफाई के बाद कुछ समय में ही लोग दोबारा कचरा डाल देते हैं। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर वहां स्वच्छता के साथ रचनात्मक तरीके से जागरूकता का संदेश देने की योजना पर काम किया जा रहा है। रंगोली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थान सभी की साझा जिम्मेदारी हैं और इन्हें साफ-सुथरा रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा नहीं डालने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा देने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई। नगर निगम का उद्देश्य इन स्थानों को केवल साफ करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में बदलाव लाकर उन्हें लंबे समय तक कचरा मुक्त बनाए रखना है।
वर्जन:::::
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि स्वच्छ एवं सुंदर आगरा के संकल्प को साकार करने के लिए स्वच्छता अभियानों को जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है। सीटीपी पॉइंट्स के सौंदर्यीकरण जैसी पहल से लोगों में सार्वजनिक स्थलों के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत आगे भी शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई, सौंदर्यीकरण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां जारी रहेंगी।


