—– ‘कपड़े का थैला अपनाएं, पॉलीथिन को दूर भगाएं’ का दिया संदेश
आगरा। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन ने शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन के साथ मिलकर विभिन्न बाजारों और प्रमुख स्थानों पर जनजागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को सिंगल यूज पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान दुकानदारों और ठेला संचालकों से पॉलीथिन का बहिष्कार कर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
नगर निगम की टीम ने लोहामंडी जोन के धेटोरा भाग वाला चौराहा, ईदगाह कॉलोनी समेत अन्य प्रमुख स्थानों और बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के दौरान टीम ने बाजारों में दुकानदारों और ठेला संचालकों से सीधे संवाद किया और उनसे ग्राहकों को पॉलीथिन के बजाय कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैले उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
अभियान के तहत टीम ने ठेला-ठेला जाकर सिंगल यूज पॉलीथिन के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान बताए। लोगों को समझाया गया कि पॉलीथिन का अनियंत्रित इस्तेमाल न केवल शहर की सफाई व्यवस्था के लिए चुनौती बनता है, बल्कि इसके कारण नालियां चोक होने के साथ ही पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नागरिकों से खरीदारी के लिए घर से ही कपड़े का थैला लेकर निकलने की अपील की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि केवल कार्रवाई के माध्यम से पॉलीथिन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक संभव नहीं है। इसके लिए नागरिकों, दुकानदारों और ठेला संचालकों की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पॉलीथिन का विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में पॉलीथिन मुक्त बाजार और स्वच्छ आगरा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना है। नगर निगम की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं पॉलीथिन का इस्तेमाल बंद करने के साथ दूसरों को भी इसके बहिष्कार के लिए प्रेरित करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से आगरा को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सके।


