आगरा। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दिनांक 22 अक्टूबर को आगरा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बड़े स्तर पर एक दिवसीय कार्यक्रम ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेल यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनना तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाना है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारी विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद करेंगे। यात्रियों से उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं, सुझावों, शिकायतों एवं अनुभवों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जाएगी। इसके साथ ही यात्री फीडबैक फॉर्म का वितरण एवं संग्रह भी किया जाएगा, ताकि यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप रेल सेवाओं एवं सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
प्रमुख स्टेशनों पर जन संवाद कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 13:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जबकि छोटे स्टेशनों पर सुविधानुसार दोपहर के समय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अधिकारियों को नामित किया गया है। आगरा कैंट स्टेशन,आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन, ईदगाह स्टेशन, कोसीकलां, धौलपुर, राजा की मंडी, अछनेरा, मंडावर महवा रोड, गोवर्धन, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद एवं गोविंदगढ़ सहित अन्य नामित स्टेशनों पर संबंधित अधिकारी यात्रियों से संवाद कर कार्यक्रम को प्रभावी बनाएंगे।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जाएगा जागरूक
यात्रियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और रेल सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को रोचक तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से आगरा कैंट, गोवर्धन तथा मंडावर महवा रोड स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड, खेलकूद से जुड़े कर्मियों तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों को भी शामिल किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) सहित संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगरा मंडल का यह प्रयास यात्रियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करने तथा यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


