—- शाहजहाँ गार्डन के सामने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, भीषण गर्मी में रकाबगंज, छीपीटोला और बालूगंज में पानी न आने से हजारों लोग परेशान

Press Release उत्तर प्रदेश

नमामि गंगे की खोदाई में फूटी 200 एमएम राइजिंग मेन, रकाबगंज समेत कई क्षेत्रों में पानी का संकट

 

आगरा। नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान शाहजहाँ गार्डन के सामने जलकल विभाग की 200 एमएम व्यास की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह पाइपलाइन रकाबगंज क्षेत्र को जलापूर्ति करने वाली राइजिंग मेन से जुड़ी हुई है। पाइपलाइन टूटने के बाद जलकल विभाग को एहतियातन जीवनी मंडी मुख्यालय से रकाबगंज की जलापूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी, जिससे शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट पैदा हो गया है।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से रकाबगंज, छीपीटोला, बालूगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सोमवार सुबह तक जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना है। अचानक सप्लाई बंद होने से लोगों को पानी की व्यवस्था करने में परेशानी का सामना करना पडा।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के कार्य के दौरान 200 एमएम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते जीवनी मंडी मुख्यालय से रकाबगंज की जलापूर्ति बंद करनी पड़ी है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। देर शाम तक मरम्मत कार्य पूरा होने की संभावना है,यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो जाता है तो सोमवार सुबह तक जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा हालांकि तब तक प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित रह सकती है।
जलकल विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से पानी का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने की अपील की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द जलापूर्ति सामान्य की जा सके और लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *