पद्म पुरस्कार 2026: ‘अनसंग हीरोज’ का बोलबाला, समाज के असली नायकों को सम्मान, अंके गौड़ा और चिरंजी लाल यादव का नाम शामिल

National

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस से पहले केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 के नामों का ऐलान कर दिया है। न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के अंके गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म श्री से सम्मानित किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इस बार ‘अनसंग हीरोज’ कैटेगरी में करीब 45 लोगों को पद्म श्री पुरस्कार दिया गया है। इनमें मध्य प्रदेश से भगवानदास रैकवार, जम्मू-कश्मीर से बृज लाल भट्ट, छत्तीसगढ़ से बुदरी थाटी, ओडिशा से चरण हेम्ब्रम और गुजरात से धार्मिकलाल चुन्नीलाल पांड्या का नाम शामिल बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस साल पद्म पुरस्कारों में देशभर से ऐसे कई लोगों को सम्मान मिला है, जो लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं लेकिन अक्सर चर्चा से दूर रहते हैं। इनमें पिछड़े और दलित समुदायों, आदिवासी जनजातियों और दूरदराज इलाकों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।

इन लोगों ने दिव्यांगों, महिलाओं, बच्चों, दलितों और आदिवासियों की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है और स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, स्वच्छता, स्थिरता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

सूत्रों के मुताबिक पद्म पुरस्कार पाने वालों में उत्तर प्रदेश से चिरंजी लाल यादव का नाम भी शामिल है। इसके अलावा महाराष्ट्र से डॉ. आर्मिडा फर्नांडिस के साथ भिकल्या लाडक्या धिंडा, राजस्थान से गफरुद्दीन मेवाती, जम्मू-कश्मीर से डॉ. पद्मा गुरमेट, तमिलनाडु से डॉ. पुन्नियामूर्ति नटेशन और तेलंगाना से डॉ. कुमारस्वामी थंगराज को भी पद्म सम्मान मिलने की बात कही जा रही है।

हालांकि, पद्म पुरस्कार विजेताओं की अंतिम और आधिकारिक सूची भारत सरकार की ओर से शाम को जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *