
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ज़ोन ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2025 तक अपने माल लदान और उससे प्रतिफलित राजस्व में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की है। इसमें प्रारंभिक लोडिंग और अनलोडिंग में सुधार उल्लेखनीय है। यद्यपि उत्तर मध्य रेलवे एक मूलत: यात्री सेवा यातायात वाली रेल है और इस पर बहुतायत पासिंग माल परिवहन होता है पर एक कुशल योजना निर्माण, बेहतर ग्राहक सुविधा प्रयासों और उत्कृष्ट क्रियान्वयन द्वारा इस उपलब्धि को हासिल किया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे ने अपने आरंभिक माल लदान के क्रम में अक्टूबर 2025 में, 1.652 मिलियन टन (एमटी) माल लदान दर्ज किया। यह पिछले वर्ष के इसी महीने अक्टूबर 2024 में 1.357 एमटी की तुलना में 21.7% की असाधारण वृद्धि है। इसी क्रम में अप्रैल-अक्टूबर 2025 तक वित्तीय वर्ष के लिए संचयी लदान 11.68 एमटी रहा। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि में हासिल किए गए लदान की तुलना में 7.9% की अच्छी वृद्धि है। यह इंक्रीमेंटल लोडिंग के क्रम में भारतीय रेल के समस्त ज़ोनों की तुलना में तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है।
इस माल लदान में वृद्धि का सीधा असर माल लदान राजस्व में भी हुआ है और वर्तमान वित्त वर्ष के अक्टूबर 2025 के महीने तक कुल माल अर्जन ₹1313.61 करोड़ रही जबकि पिछले वर्ष यह ₹1201.97 करोड़ थी। यह यह प्रदर्शन ₹111.64 करोड़ की शुद्ध वृद्धि को दर्शाता है। यह 2024-25 की इसी अवधि की तुलना में 9.3% की वृद्धि है और यह वृद्धि भी भारतीय रेल का तीसरा सबसे बेहतर अर्जन प्रतिशत वृद्धि है।
इसी क्रम में ज़ोन की आवक यातायात को संभालने की क्षमता भी अनलोडिंग की वृद्धि में परिलक्षित हुई है। वर्तमान वर्ष की संचयी अनलोडिंग के क्रम में उत्तर मध्य रेलवे ने 43.01 एमटी की अनलोडिंग की है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में हुई अनलोडिंग की तुलना में 10.6% का सुधार है जो संपूर्ण भारतीय रेल का दूसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन है।
इस प्रदर्शन पर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री नरेश पाल सिंह ने सभी संबंधित विभागों और कर्मियों को बधाई देते हुए और आगे भी प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “हमारे अक्टूबर के मासिक लदान में दोहरे अंकों की वृद्धि और माल भाड़ा अर्जन में लगभग 10% का सुधार हमारी टीम के समर्पण और हमारी ग्राहक-केंद्रित रणनीतियों की सफलता का प्रमाण है, और हम अपने वार्षिक लक्ष्यों को पार करने और कुशल एवं भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स समाधान प्रदान करके राष्ट्र के आर्थिक विकास में योगदान जारी रखने के लिए इस गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
