
आगरा । मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में आगरा मंडल के अंतर्गत अछनेरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों की सुविधा एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने हेतु महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत अछनेरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मचारियों के उपयोग के लिए 20 बेड (पुरुष एवं महिला) क्षमता वाला आधुनिक आरपीएफ बैरक का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण कार्य की अनुमानित लागत लगभग ₹96 लाख निर्धारित की गई है।
प्रस्तावित बैरक में कर्मचारियों के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा रेलवे परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस दिशा में आरपीएफ कर्मचारियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करना एक महत्वपूर्ण कदम है।परियोजना पूर्ण होने के पश्चात अछनेरा जंक्शन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा प्राप्त होगी, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक प्रभावी एवं दक्षतापूर्वक कर सकेंगे।


