डीपीआर में लापरवाही उजागर, इंजीनियरों को नोटिस; निर्माण एजेंसी पर भी लटक सकती है कार्रवाई

Press Release उत्तर प्रदेश

 सेंट जोंस कालेज पर जलभराव को लेकर नगर निगम प्रशासन गंभीर,  सी सी रोड निर्माण के दौरान दबा दिए गए थे नाले के चैंबर

आगरा। शहर में हाल ही में तैयार हुई सेंट जोंस–बोदला रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। चैंबरों को सड़क निर्माण के दौरान दबा दिए जाने से सेंट जोंस नाला चोक हो गया, जिसके चलते नई बनी सीसी रोड पर गंदा पानी भर गया और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय अवर अभियंता हरी ओम सिंह और सहायक अभियंता जी लेकर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मंगलवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब दो माह पूर्व तैयार हुई 4.57 करोड़ रुपये की लागत से बनी सीसी रोड का लगभग आधा हिस्सा जलभराव की चपेट में आ गया। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार पानी भरने की समस्या बनी हुई थी, लेकिन मंगलवार को यह समस्या विकराल रूप ले गई। गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क निर्माण के दौरान नाले के दो चैंबरों को ढक दिया गया, जिससे नाले की सफाई न होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई। इसके अलावा सड़क का स्तर पहले की तुलना में 2 से 3 इंच ऊंचा कर दिया गया, जिससे जल निकासी और प्रभावित हुई। नाले से जुड़े पाइपों में सिल्ट भर जाने से स्थिति और खराब हो गई।
नगर निगम की टीम दोपहर करीब एक बजे मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। तत्काल राहत के तौर पर दो टैंकरों की मदद से पानी को निकलवाया गया, लेकिन स्थायी समाधान के लिए तकनीकी खामियों को दूर करना जरूरी बताया गया है।
कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ है कि डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में जल्दबाजी की गई और नाले के चैंबरों को लेकर आवश्यक प्रावधान नहीं किए गए। यह चूक अब भारी पड़ रही है।
ज्ञात हो कि एमजी रोड स्थित सेंट जोंस चौराहा से बोदला रोड तक पहले भी जलभराव की समस्या रहती थी, जिससे हजारों लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने सीसी रोड निर्माण का निर्णय लिया था और दीप कंस्ट्रक्शन कंपनी को इसका ठेका दिया गया था।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

—नगर आयुक्त का वर्जन:

“सेंट जोंस–बोदला रोड पर जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यदि जांच में निर्माण एजेंसी या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *