स्वच्छता सर्वेक्षण: वार मोड़ में नगर निगम का तीन दिवसीय महा सफाई अभियान शुरू

Press Release उत्तर प्रदेश

—– एमजी रोड से यमुना किनारे तक सख्ती—गड्ढे, कचरा, अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

आगरा। स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज सोमवार से शहर के प्रमुख मार्गों पर तीन दिवसीय विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर स्तर पर सघन कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम द्वारा इस विशेष अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न स्थानों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही क्षेत्रीय एसएफआई को भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
अभियान के दौरान विशेष रूप से सड़क के गड्ढों की मरम्मत, सीएनडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) का निस्तारण, डिवाइडर और नालों की सफाई, पुलिया और सीवर चैंबर की स्थिति सुधारने, निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट की अनिवार्यता तथा अतिक्रमण हटाने जैसे बिंदुओं पर फोकस किया जा रहा है। इसके अलावा लाइट, उद्यान और निर्माण विभाग को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम द्वारा जिन प्रमुख मार्गों को इस अभियान में शामिल किया गया है, उनमें एमजी रोड भगवान टॉकीज से प्रतापपुरा, एमजी रोड से सिकंदरा स्थित सुभाष पार्क, सर्विस रोड सिकंदरा से वाटर वर्क्स, प्रतापपुरा से रामाडा, यमुना किनारा और हाथरस रोड प्रमुख हैं। इन सभी मार्गों पर सुबह से ही सफाई और सुधार कार्य शुरू कर दिए गए, जो दोपहर तक लगातार चलते रहे।
अभियान के दौरान जहां भी हरियाली, स्ट्रीट लाइट या डिवाइडर क्षतिग्रस्त या खराब पाए गए, वहां तत्काल संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर ही निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अभियान का नेतृत्व अलग-अलग जोनों में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। एमजी रोड (वन) पर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, एमजी रोड (टू) पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, यमुना किनारे उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, नेशनल हाईवे क्षेत्र में एओ विपिन यादव, प्रतापपुरा से रामाडा मार्ग पर पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण तथा हाथरस रोड पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा के निर्देशन में अभियान को प्रभावी रूप से अंजाम दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष अभियान स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। साथ ही शहरवासियों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *