बकाया गृहकर पर नगर निगम की सख्ती, तीन दुकानों पर ताला

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नोटिस और वारंट के बाद भी जमा नहीं किया टैक्स, 6.5 लाख से अधिक बकाया पर कार्रवाई

आगरा। गृहकर बकाया वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। नोटिस और कुर्की वारंट जारी होने के बावजूद बकाया जमा न कराने वाले तीन करदाताओं की संपत्तियों को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई लोहा मंडी और हरी पर्वत जोन में राजस्व टीम द्वारा की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार लोहा मंडी क्षेत्र के गुर्जर तोपखाना निवासी सचिन जैन पर 1,58,215 रुपये गृहकर बकाया था। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान संचालित करने वाले कृष्ण कुमार पर 74,580 रुपये तथा हरजीत सिंह पर 4,19,515 रुपये का गृहकर लंबे समय से बकाया चला आ रहा था। संबंधित करदाताओं को डिमांड बिल जारी करने के साथ ही कुर्की वारंट भी जारी किए गए थे, लेकिन बार-बार सूचना के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई।
करदाताओं की अनदेखी के बाद नगर निगम की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों की दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही । नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और बकाया जमा न करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वर्जन —–

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने राजस्वकर्मियों को लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा है कि बड़े बकायेदारों की पहचान कर उनके खिलाफ कुर्की, सीलिंग और खाता सीज जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने करदाताओं से अपील की है कि वे कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते अपना बकाया गृहकर जमा कर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *