—– नगर आयुक्त के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, संजय प्लेस में 30 लाख के गृहकर बकाये पर की गई सीलिंग की कार्रवाई
आगरा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर गृहकर बकायेदारों के विरुद्ध नगर निगम प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नगर निगम के राजस्व विभाग की टीम ने संजय प्लेस स्थित कपड़ा एवं जूता मार्केट में कार्रवाई करते हुए 21 दुकानों को सील कर दिया।
इन दुकानों पर लगभग 30 लाख रुपये का गृहकर बकाया था। बिल और डिमांड नोटिस पर कोई संज्ञान न लेने पर इन दुकानदारों को बांट जारी किया गया था। इसके बाद भी कर न जमा कराने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। नगर निगम प्रशासन की सख्ती से घबराकर हालांकि 10 दुकानदारों द्वारा गृहकर जमा करा दिया गया, जबकि 11 दुकानों पर अब भी सील लगी हुई है। सील की गई दुकानों पर साढ़े उन्नीस लाख रुपये से अधिक का गृहकर बकाया बताया जा रहा है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 50 हजार रुपये से अधिक गृहकर बकाया रखने वाले करदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्हीं निर्देशों के तहत नगर निगम का राजस्व विभाग लगातार विभिन्न क्षेत्रों में प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। संजय प्लेस क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी अवधेश कुमार द्वारा किया गया। कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक अक्षय कुमार एवं राजस्व निरीक्षक नितिन कणवाल सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने बकायेदारों से अपील की है कि वे समय रहते गृहकर जमा कर अनावश्यक कार्रवाई से बचें।


