
350 से अधिक लाइट-पोल लगेंगे, रोजाना कार्य की समीक्षा और निरीक्षण, कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
आगरा। भीमनगरी आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन के दौरान शहर में बेहतर मार्ग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा 55,87,610 रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। इस बजट के तहत साढ़े तीन सौ से अधिक लाइटें और पोल लगाए जाएंगे, जिससे पूरे आयोजन क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके। योजना के अंतर्गत 22 मिनी मास्ट, 95 लाइट और 95 पोल लाइट लगाए जाने का कार्य प्रस्तावित है। नगर निगम ने आयोजन से पूर्व सभी कार्यों को पूर्ण कराने के उद्देश्य से लाइट और पोल स्थापित करने का कार्य शुरू भी कर दिया है, जिससे समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्य की प्रगति पर विशेष नजर रखी जा रही है और इसके लिए रोजाना समीक्षा के साथ-साथ मौके पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि भीमनगरी आयोजन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ मार्गों को भी सुचारु और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


