
आगरा। आगरा नगर निगम द्वारा विकसित प्रशिक्षण एवं प्रदर्शनी नर्सरी इन दिनों शहरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गई है। पंचवटी के पास जोनल पार्क के सामने स्थित यह नर्सरी न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और आधुनिक बागवानी तकनीकों के प्रति जागरूकता का एक सशक्त मंच भी बनकर उभरी है।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर को हरित बनाना, नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना और नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ना है। इसी सोच के तहत नर्सरी को विभिन्न थीम आधारित जोनों में विकसित किया गया है, जहां हर आयु वर्ग के लोगों को सीखने और समझने का अवसर मिल रहा है।
नेचुरल पान्ड जोन—-
नर्सरी में विकसित नेचुरल पॉन्ड जोन प्राकृतिक पारिस्थितिकी का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है, जहां मछलियां और कछुए पर्यावरण संतुलन को दर्शाते हैं। वहीं मिनी प्लांट लैब में बीजों की प्रजातियों, अंकुरण प्रक्रिया और पौधों के विकास से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।
—–हॉर्टिकल्चर जोन—
में एलोवेरा, तुलसी और लेमन ग्रास जैसे सजावटी व औषधीय पौधे लगाए गए हैं, जबकि स्पाइस जोन में मसालों के पौधों के माध्यम से घरेलू खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
——एक्टिविटी जोन—-
बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां वे स्वयं पौधारोपण कर प्रकृति से जुड़ाव महसूस कर रहे हैं।
वेटलैंड जोन——
पक्षियों की चहचहाहट से गुलजार रहता है, जबकि मैन्योर जोन में जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। मिलेट जोन में ज्वार और बाजरा जैसे पारंपरिक अनाजों को प्रदर्शित कर पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। फ्रूट जोन में नींबू, आम और चीकू जैसे फलदार पौधे मौजूद हैं।
—- एनवायरनमेंट जोन—-
में कनेर और बोगनवेलिया जैसे पौधों के माध्यम से वायु शुद्धिकरण और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया जा रहा है, जबकि किचन गार्डन जोन शहरी परिवारों को घर पर ही बागवानी के सरल तरीके सिखा रहा है। वहीं इरिगेशन जोन में ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर सिस्टम, एक्वापोनिक्स और हाइड्रोपोनिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ए ओ विपिन यादव ने बताया कि नर्सरी को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा सीमित अवधि के लिए फूलों के पौधे मुफ्त वितरित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों में हरियाली के प्रति रुचि और भागीदारी बढ़ रही है।
—– नगर आयुक्त का बयान:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि यह नर्सरी केवल एक पार्क नहीं, बल्कि एक लर्निंग और अवेयरनेस सेंटर है। हमारा लक्ष्य है कि आगरा का हर नागरिक पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदार बने। हम चाहते हैं कि लोग अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं। मुफ्त पौध वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां स्कूलों के शैक्षिक भ्रमण, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और विभिन्न ग्रीन कैंपेन आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों और युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।


